Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 21, 2026

डीएम ने किया पूर्व सीएम कोश्यारी के गांव नामतीचेटाबगड़ का भ्रमण


बागेश्वर। जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के गांव नामतीचेटाबगड़ का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गांव में विभिन्न योजनाओं से होने वाले प्रस्तावों का अवलोकन किया और जनता की समस्याएं सुनीं। साथ ही अधिकारियों को जनता की मांग के अनुसार वे शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। रविवार को जिलाधिकारी पाल ने नामतीचेटाबगड़ में ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने गांव के घनैया तोक में सुरक्षात्मक कार्य के लिए ग्रामीणों की मांग का निरीक्षण किया। साथ ही रामगंगा नदी में नाचनी झूला पुल के निकट आवासीय मकानों और पुल के कटाव के लिए सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने उनसे गुंठी तोक में भूस्खलन की शिकायत करते हुए इसके सुरक्षात्मक उपाय करने की मांग की। जिलाधिकारी ने कहा इस संबंध में प्रस्ताव पहले भेजा गया है, जिसके संबंध में पुनः शासन को पत्राचार किया जाएगा। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया गांव में सुरक्षात्मक आदि कार्य के लिए पूर्व में प्रस्ताव भेजा है, जिस पर धन स्वीकृत नहीं हुआ। जिलाधिकारी ने इस संबंध में शासन को पत्र लिखने की बात कही। इसके अलावा ग्रामीणों ने गांव में बैंक शाखा खोलने, एएनएम केंद्र बनाने, खड़लेख से नामतीचेताबगड़ तक सड़क का सुधारीकरण करने, गांव में दूरसंचार सेवा प्रारंभ करने की मांग की। यहां तहसीलदार देवेंद्र कुमार लोहनी, अधिशासी अभियंता सिंचाई पान सिंह बिष्ट, सहायक अभियंता पीडी भट्ट, अभियंता देवेंद्र सिंह, आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल, जगत सिंह कोश्यारी, ग्राम प्रधान गंगा सिंह, केदार सिंह, नवीन सिंह, भगवती पाठक, महेश सिंह रहे।

Advertisement