March 10, 2026

भागीरथी नदी की तेज धारा में बही आठवीं की छात्रा


नई टिहरी। देवप्रयाग ब्लॉक की ग्राम पंचायत नगर स्थित भागीरथी घाट से एक 13 वर्षीय बालिका नदी की तेज धारा में बह गयी। पुलिस की ओर से बालिका की तलाश मे भागीरथी में सर्च अभियान शुरू किया गया है। घटना की जानकारी देते ग्राम प्रधान नगर सुनील ने बताया कि, बीते मंगलवार शाम को भागीरथी पुल के नीचे नदी किनारे गांव की कुछ लड़कियां पानी पीने गयी थी। बारिश से उफान में बह रही भागीरथी की एक तेज लहर उनकी ओर आई, जिसमें उम्र में बड़ी लड़कियां तो किसी तरह के निकल भागी। मगर अर्चना पुत्री मदनलाल नदी के तेज बहाव में बह गयी। जूनियर हाईस्कूल, नगर में आठवीं की छात्रा अर्चना के बहने की सूचना मिलने के बाद उसकी मां सुषमा, दो भाइयों व बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर चंडीगढ़ में कार्यरत बालिका के पिता मदनलाल भी घर पहुंच गए हैं। थाना प्रभारी हिंडोलाखाल संजीव थपलियाल, राजस्व उप निरीक्षक मनोज बागड़ी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि बालिका की तलाश में देवप्रयाग पुलिस के साथ कोटेश्वर से कौड़ियाला तक नदी में सर्च अभियान शुरू किया गया है। जिसमें एसडीआरएफ, जल पुलिस व गोताखोर शामिल हैं। ग्राम प्रधान सुनील के अनुसार, भागीरथी तट पर पहले भी कई बार बहने की घटना हो चुकी है। कोटेश्वर बांध से छोड़े जाने वाले तेज पानी को देखते यहां सुरक्षित घाट निर्माण की मांग पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।