Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 22, 2026

गरुड़ हत्याकांड अपडेट: नाशपाती के पैसे न देने पर उतारा मौत के घाट

बागेश्वर। बैजनाथ पुलिस क्षेत्र के मन्यूड़ा गांव के गागरीगोल तोक निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को चाकू घोंपकर मौत के घाट उतार दिया। गुरुवार रात 11 बजे उसने घटना को अंजाम दिया। बेटी के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हुए। ग्राम प्रधान ने घटना की सूचना बैजनाथ पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। खून से सनी महिला को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से गांव के लोग रातभर जागते रहे। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
बैजनाथ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मन्यूड़ा निवासी गणेश जोशी(40) पुत्र भैरव दत्त ने गुरुवार की रात अपनी पत्नी गीता जोशी(35) के पेट में चाकू घोंप दिया। चाकू का वार पड़ते ही वह जमीन पर गिर गई और खून बहने लगा। हमले के बाद हत्यारोपी भी घबरा गया और वहीं पर खड़ा रहा। बेटी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां एकत्रित हो गए। रात में ही गीता को सीएचसी बैजनाथ ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मृतका के माइके वालों को दी गई। शुक्रवार अपराह्नन तीन बजे पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया। मृतका के पिता पोथिंग निवासी देवकीनंदन जोशी की तहरीर पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

रुपये मांगने को लेकर हुआ विवाद
हत्यारोपी गरुड़ में एक मिठाई की दुकान पर काम करता है, जबकि पत्नी गृहिणी थी और चार गायों से दूध बेचकर घर का खर्च चलाती थी। बताया गया कि पति नशे का आदी है और पत्नी से बीते दिनों नाशपाती बेचकर मिले रुपये मांग रहा था। नशे में पैसा उड़ाने से इनकार पर हत्यारोपी का पत्नी से विवाद हुआ।

मन्यूड़ा निवासी मृतका के पिता देवकीनंदन जोशी ने गणेश जोशी पर बेटी की चाकू घोंपकर हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर में कहा है कि वह पहले भी उसके साथ मारपीट कर चुका है। आज उसकी हत्या कर दी। उनकी तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
– विनीता बिष्ट, प्रभारी थानाध्यक्ष, बैजनाथ

Advertisement