September 20, 2024

लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है भाजपा: यशपाल


हल्द्वानी ।  नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि एक देश एक चुनाव केवल का मुद्दा लाकर भाजपा केवल जनता का ध्यान भटकाना चाहमी है। जब चुनाव आयोग चार राज्यों के विधानसभा चुनाव एक साथ नहीं करा पा रहा है तो यह वन नेशन वन इलेक्शन कैसे करा पाएगा। भाजपा अच्छी तरह जानती है कि यह संभव नहीं है। इसको लोकसभा में पारित करने के लिए 362 वोट चाहिए और पूरा एनडीए में 293 सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि एक देश, एक चुनाव से लोकतंत्र की विविधता और संघीय ढांचे को खतरा बढ़ेगा। लोकसभा एवं विधानसभाओं के चुनाव का स्वरूप और मुद्दे बिल्कुल अलग होते हैं। लोकसभा के चुनाव जहां राष्ट्रीय सरकार के गठन के लिए होते हैं। वहीं विधानसभा के चुनाव राज्य सरकार का गठन करने के लिए होते हैं। एक साथ चुनाव कराने से स्थानीय मुद्दे राष्ट्रीय मुद्दों के सामने दब सकते हैं। क्षेत्रीय मुद्दे राष्ट्रीय राजनीति में खो सकते हैं या राष्ट्रीय मुद्दों के सामने क्षेत्रीय मुद्दे गौण हो जाएं या इसके विपरीत क्षेत्रीय मुद्दों के सामने राष्ट्रीय मुद्दे अपना अस्तित्व खो दें। जब सभी चुनाव एक साथ होंगे, तो स्थानीय मुद्दे जैसे पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दिया जाएगा। राष्ट्रीय मुद्दे अधिक प्रमुख हो जाएंगे। ये संविधान के खिलाफ और लोकतंत्र के प्रतिकूल है। इसके साथ ही अगर कोई भी सरकार 5 साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाती, तो क्या वहां राष्ट्रपति शासन के माध्यम से भाजपा राज करना चाहती है।