Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 31, 2026

लापता व्यक्ति को गुलदार ने बनाया शिकार, मिला क्षत-विक्षत शव


अल्मोड़ा । अल्मोड़ा भवाली राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे काकड़ीघाट क्षेत्र में दिवाली वाले दिन से लापता युवक का शव जंगल में क्षत-विक्षत हालत में मिला, युवक को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना पर वन विभाग व प्रशासन की टीम मौके की ओर रवाना हो गई है। अल्मोड़ा भवाली राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे समीपवर्ती सड़का गांव के 32 वर्षीय जीवन सिंह नेगी दिवाली वाले दिन हल्द्वानी से नौकरी करके अपने घर जा रहे थे। तभी से वह लापता थे, परिजनों द्वारा उनकी लगातार खोज की जा रही थी, शनिवार को रास्ते से गुजर रही एक महिला ने खून से सने कपड़े और मोबाइल देखा तो उसने गांव वालों को इसकी सूचना दी। गांव वालों की सूचना पर जीवन के भाई पूर्व ग्राम प्रधान दिवान सिंह नेगी ग्रामीणों को साथ लेकर जंगल की ओर रवाना हुए। राजमार्ग से काकड़ीघाट–जाला मोटर मार्ग पर हनुमान मंदिर के ठीक ऊपर जंगल में जीवन के कपड़े व खून के निशान दिखाई दिए। कुछ दूरी पर बरसाती नाले पर जीवन का क्षत-विक्षत शव मिला। घटना से जीवन के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर प्रशासन व वन विभाग की टीम भी घटना स्थल को रवाना हुई। बताया जा रहा है कि, दिवाली वाले दिन शाम को उक्त मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जल्दी बंद हो गई, जिस वजह से जीवन को कोई वाहन नहीं मिला होगा और उसने पैदल ही चलने का फैसला किया और रास्ते में गुलदार ने उसे अपना निवाला बना लिया। जहां शव मिला वहा से जीवन के घर की दूरी लगभग 3 किलोमीटर के आसपास होगी। ग्रामीणों के अनुसार गुलदार इलाके में पिछले कुछ दिनों से देखा जा रहा था।

You may have missed

Advertisement