Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

गन्ना किसानों का प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन


ऋषिकेश ।  भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने सोमवार को प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसानों ने प्रदेश में गन्ना मूल्य घोषित नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने सीएम से गन्ना मूल्य में वृद्धि करते हुए जल्द नया मूल्य घोषित करने की मांग उठाई है। सोमवार को डोईवाला चीनी मिल गेट पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले गन्ना किसानों ने धरना प्रदर्शन किया। किसानों ने गढ़वाली भाषा में तख्तियों पर ‘मैं उत्तराखंड का गन्ना हूं, मेरा रेट क्यों नहीं बढ़ा लिखकर प्रदर्शन किया। यूनियन के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि शुगर मिल में पेराई सत्र चलते हुए एक माह से ज्यादा वक्त हो चुका है। लेकिन सरकार अभी तक गन्ने का समर्थन मूल्य घोषित नहीं कर पाई है। सभी प्रदेशों ने किसानों को राहत देते हुए गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाया है, मगर उत्तराखंड राज्य में पिछले साल के रेट ही चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि गन्ने की कटाई के लिए मजदूर भी नहीं मिल पा रहे है, क्योंकि किसान को जब गन्ने का रेट बढ़ा हुआ नहीं मिल पा रहा है तो वह मजदूरों को भी ज्यादा मजदूरी नहीं दे पा रहे हैं। जबकि इस कारण गन्ना काटने वाले मजदूर दूसरे राज्यों का रुख कर रहे हैं। इससे उत्तराखंड के किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। अगर गन्ने का समर्थन मूल्य नहीं बढ़ाया गया, तो किसान फसल उगाना ही बंद कर देंगे। उन्होंने मिल अधिकारियों के माध्यम से सीएम पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। धरना प्रदर्शन में सुरेंद्र सिंह खालसा, गुरदीप सिंह, मनोज नौटियाल, सागर मनवाल, इंदरजीत सिंह, उम्मेद बोरा, जितेंद्र सिंह, गुलफाम, तेजपाल सिंह, अमित सैनी आदि शामिल रहे।

Advertisement