March 10, 2026

दंपति से मारपीट और अभद्रता का मामला—बागेश्वर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार


बागेश्वर। जनपद में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के विरुद्ध बागेश्वर पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए दंपति के साथ मारपीट तथा अभद्रता के एक गंभीर मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 05 मार्च 2026 को वादिनी द्वारा कोतवाली बागेश्वर में तहरीर देकर आरोप लगाया गया कि कुछ अराजक तत्वों ने उनका रास्ता रोककर उनके साथ अभद्रता की, मारपीट की तथा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली बागेश्वर में एफआईआर संख्या 13/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 62, 75, 351(3) और 352 के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए और इसके लिए पुलिस टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मुकदमे से संबंधित एक अभियुक्त पवन कनवाल पुत्र भगवत सिंह कनवाल, निवासी थाना क्षेत्र बागेश्वर, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस इसी प्रकार सख्ती और तत्परता के साथ कार्रवाई करती रहेगी।