ट्रेन में युवक का गला रेता हुआ शव मिला
हरिद्वार । मुंबई से आई बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच के टॉयलेट में एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि युवक ने टॉयलेट की खिड़की का शीशा तोड़कर उससे अपना गला रेतकर आत्महत्या की है। युवक की पहचान दिल्ली निवासी के तौर पर हुई है। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बांद्रा एक्सप्रेस गुरुवार दोपहर के समय हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इसी दौरान चेकिंग में जुटे आरपीएफ कर्मचारियो ने जनरल कोच के टॉयलेट का दरवाजा बंद होने पर खटखटाया। कई दफा खटखटाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तब उन्हें संदेह हुआ। आरपीएफ कर्मचारियों की सूचना पर जीआरपी के जवान पहुंचे। एसओ अनुज सिंह की मौजूदगी में टॉयलेट का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी दंग रह गए। टॉयलेट में एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा था। टॉयलेट की खिड़की का कांच टूटा हुआ था और युवक के गले पर गहरा घाव था। युवक की जेब से एक मोबाइल फोन मिला। जीआरपी ने मोबाइल में मिले नंबरों को खंगाला। इसके बाद मृतक की पहचान आकाश (18 वर्ष) पुत्र धीरज कुमार शाह निवासी ईस्ट पार्ट आउटर रिंग रोड बरली विलेज लाडपुर ईस्ट वेस्ट दिल्ली के रूप में हुई। एसओ ने बताया कि युवक पढ़ाई कर रहा था। परिजन यहां पहुंच रहे हैं। परिजनों ने फोन पर बताया कि आकाश मुंबई में अपने मामा के घर जाने की बात कहकर गया था। 16 तारीख को पहुंच भी गया था, लेकिन मामा के घर न जाकर वापस ट्रेन में सवार हो गया। एसओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच से लग रहा है कि युवक ने कांच से अपना गला रेतकर आत्महत्या की है।
