असम और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

कोटद्वार । महानगर कांग्रेस ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा कर रहे कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के काफिले पर असम में हुए हमले के लिए केंद्र की भाजपा व असम सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रदर्शन किया और दोनों सरकारों का पुतला दहन किया। रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय मित्तल के नेतृत्व में झंडाचौक पर एकत्रित हुए। यहां पर उन्होंने केंद्र व असम सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ शांतिपूर्वक न्याय यात्रा निकाल रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी की यात्रा जब असम के लखीमपुर में पहुंची तो वहां के मुख्यमंत्री के इशारे पर उनके काफिले पर हमला किया गया, जो असम सरकार की कुत्सित मानसिकता का प्रतीक है। तत्पश्चात विरोधस्वरूप नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने पुतले को आग के हवाले कर दिया। पुतला दहन करने वालों में कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय रावत, धीरेंद्र सिंह बिष्ट, बृजपाल नेगी, प्रकाश लखेड़ा, महावीर सिंह रावत, शूरवीर खेतवाल और रजनीश उप्पल सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।