Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 3, 2026

उत्तराखंड में गाड़ियों के वीआईपी नंबर के लिए बोली की कीमत करेगी हैरान


देहरादून. । गाड़ियों के वीआईपी नंबर के लिए दिल खोलकर बोली लगा रहे हैं दून वासी । देहरादून आरटीओ में 0001 नंबर की ऑनलाइन बोली सात लाख 22 हजार पर रुकी। यह नंबर एक निजी कंपनी ने डेढ़ करोड़ की लग्जरी कार के लिए खरीदा। परिवहन दफ्तरों में जब भी नए वाहन नंबर की सीरीज खुलती है तो इस सीरीज में शामिल वीआईपी नंबरों के लिए ऑनलाइन नीलामी होती है और ऑनलाइन बोली लगती है।  हाल ही में देहरादून आरटीओ में यूके-07एफआर सीरीज खुली। इस सीरीज के वीआईपी नंबर लेने के लिए लोगों ने दिल खोलकर बोली लगाई है।   आरटीओ प्रशासन सुनील शर्मा ने बताया कि कुल 38 नंबर ऑनलाइन नीलामी में रखे गए, जिनमें से 27 नंबरों की नीलामी हो चुकी है। इससे 18 लाख रुपये का राजस्व मिला।
पहाड़ के दफ्तरों में वीआईपी नंबरों के लिए उत्साह नहीं:
देहरादून आरटीओ में न केवल वाहनों के रजिस्ट्रेशन बढ़ रहे हैं, बल्कि यहां वीआईपी नंबर पाने के लिए भी मारामारी रहती है। जबकि, पहाड़ के दफ्तरों में खास उत्साह नहीं दिखता।
देहरादून में डेढ़ से दो महीने के भीतर एक सीरीज खत्म हो जाती है, वहीं पहाड़ के दफ्तरों में एक सीरीज खत्म होने में पांच से छह साल लग जाते हैं, यहां 0001 वीआईपी नंबर लेने के लिए भी कोई खास उत्साह नहीं दिखता।
इन नंबरों के लिए भी ज्यादा बोली:    यूके-07एफआर सीरीज के कुल 38 वीआईपी नंबरों की ऑनलाइन नीलामी की गई। 0009 नंबर दो लाख 09 हजार, 9999 नंबर 1.60 लाख, 0007 नंबर एक लाख 09 हजार, 0003 नंबर चौरासी हजार रुपये और 0008 वाहन नंबर 70 हजार रुपये में बिका।
आरटीओ ने बताया कि इससे पहले भी 0001 नंबर लाखों रुपये में नीलाम हुआ है। पिछली सीरीज के इसी नंबर पर सात लाख 61 हजार रुपये की बोली लगी थी।

Advertisement