भाजपा ने जबरदस्ती बंद करवाईं कनॉट प्लेस की दुकानें, राहुल गांधी का आरोप
नई दिल्ली । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा ने कनॉट प्लेस की दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दी हैं। राहुल गांधी ने वीडियो में कहा, हमने सब लोगों से कहा कि जब आप मार्च और महारैली के लिए यहां आएंगे, चीजें खरीदें, खरीदारी करें। मगर, यहां कनॉट प्लेस में आते हुए हमें पता लगा कि भाजपा ने सारी की सारी दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दी, तो ट्रेडर्स का नुकसान कौन कर रहा है, कैसे हो रहा है, यह आप जान लीजिए। बता दें कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, एनसीपी-एसपी सांसद सुप्रिया सुले, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राजद नेता तेजस्वी यादव और अन्य नेता कनॉट प्लेस पहुंचे।
इससे पहले कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक अन्य पोस्ट शेयर कर लोगों से महारैली में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने लिखा था, कनॉट प्लेस आइए, साथ चलते हैं या सीधे रामलीला मैदान में मिलते हैं। राहुल गांधी ने रैली में शामिल होने वाले लोगों से दिल्ली के बाजारों में जाकर खरीदारी करने की अपील भी की थी।
रविवार सुबह ही चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने रामलीला मैदान में 1 नवंबर को महारैली के बीच दिल्ली के व्यापार पर आए अभूतपूर्व संकट को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चौथा पत्र लिखा है।
