Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 27, 2026

सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने लगाई  आस्था की डुबकी


हरिद्वार । हरिद्वार में सोमवती अमावस्या पर लाखों श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी समेत अन्य गंगा घाटों पर डुबकी लगाई। लाखों श्रद्धालुओं के धर्मनगरी पहुंचने पर बाजारों से लेकर गंगा घाटों में हर तरफ भीड़ दिखाई दी। नारायणी शिला में पहुंचकर लोगों ने अपने परिजनों के तर्पण किए। सोमवती अमावस्या स्नान पर साल की अब तक की सबसे अधिक भीड़ नजर आई। जिसको देखकर व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे। सोमवती अमावस्या स्नान को लेकर विभिन्न राज्यों से रविवार शाम से ही श्रद्धालुओं का हरिद्वार पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। वाहनों का दबाव पार्किंग में रात से ही दिख रहा था। सोमवार सुबह होते-होते बाहरी राज्यों से पहुंचे वाले वाहनों के कारण पंतद्वीप, पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग भर चुकी थी। हाईवे किनारे खाली पड़ी भूमि पर भी वाहन पार्क किए गए थे। सोमवार देर शाम तक यात्रियों का धर्मनगरी आना-जाना लगा रहा। हरकी पैड़ी पर पूरी रात स्नान चलता रहा। भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी हरकी पैड़ी पर जुटे रहे। हरकी पैड़ी के ब्रह्मकुंड के अलावा मालवीय घाट, सुभाष घाट, कांगड़ा घाट, बिरला घाट, शताब्दी घाट, प्रेमनगर आश्रम घाट, गोविंद घाट समेत उत्तरी हरिद्वार के तमाम गंगा घाटों में भीड़ नजर आई। स्नान के लिए दिल्ली, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, यूपी समेत आसपास के राज्यों से लोग पहुंचे थे।

Advertisement