Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 20, 2026

कांग्रेसियों ने की बढ़ाई गई विद्युत दरों को वापस लेने की मांग


कोटद्वार । महानगर कांग्रेस और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विद्युत दरों में की गई वृद्धि पर रोष व्यक्त किया है। कांग्रेसियों ने सरकार से बढ़ाई गई दरों को वापस लेने की मांग की है। इस संबंध में कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है। कांग्रेसियों ने गुरुवार को ज्ञापन देते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राज्य में बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है, वहीं प्रदेश सरकार ने लोकसभा निर्वाचन के प्रथम चरण के मतदान संपन्न होने के बाद बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी कर पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता पर आर्थिक बोझ और बढ़ा दिया है, जिससे आम जनमानस में भारी आक्रोश है। कहा कि महानगर और यूथ कांग्रेस सरकार से बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की पुरजोर मांग करती है। चेतावनी दी कि ऐसा न होने पर कार्यकर्ता आंदोलन पर बाध्य होंगे। ज्ञापन प्रेषित करने वालों में महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय मित्तल , कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय रावत, सुदर्शन रावत, बृजपाल सिंह नेगी, राजेंद्र असवाल, सुनील सेमवाल और राकेश शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

Advertisement