Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 3, 2026

अवरुद्ध सड़कों को जल्द करे दुरस्त : डीएम अनुराधा

बागेश्वर । जिलाधिकारी अनुराधा पाल के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल ने सड़क सुरक्षा के संबंध में बेहद जरूरी बैठक लेते हुए अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान में चालू मानसून सत्र में अवरूद्ध सड़क मार्गों को तेजी के साथ यातायात के लिए बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि मानसून अभी सक्रिय है इसलिए नेशनल हाइवे और संवेदनशील ग्रामीण सड़क मार्ग के चिन्हित स्थानों पर पर्याप्त मशनरी की तैनाती रखी जाए। ताकि सड़क मार्ग के अवरुद्ध होने पर उसे तत्काल सुचारू करने की कार्रवाई की जा सके।

शुक्रवार को जिला सभागार में आयोजित बैठक में एडीएम ने सड़क सुरक्षा समिति के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पीएमजीएसवाई के अंर्तगत ऐसे पूर्ण सड़क मार्ग जिन्हें पांच वर्ष से अधिक का समय हो गया है उन्हें पीडब्ल्यूडी को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। ताकि जन सुविधा के लिए ऐसे सड़क मार्गों का मरम्मत कार्य किए जा सके। अपर जिलाधिकारी ने प्रवर्तन की कार्यवाही की भी समीक्षा की। एआरटीओ द्वारा बताया गया कि पुलिस,राजस्व और परिवहन विभाग के संयुक्त चैकिंग अभियान में 471 वाहनों के विभिन्न अभियोगों में चालान किए गए। जबकि पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा अलग अलग चालान अभियान में पुलिस द्वारा 568 एवं परिवहन द्वारा 742 वाहनों का तेज रफ्तार,मोबाइल का प्रयोग,सीट बेल्ट, बिना हेलमेट आदि को लेकर चालान किए गए। इसके अतिरिक्त जिले में सड़क मार्ग निर्माण से जुड़े विभागों द्वारा कुल 3279 दुर्घटना सम्भावित क्षेत्रों के चिन्हीकरण किया गया और 951 में सुधार किया गया। अपर जिलाधिकारी ने सड़क महकमें को निर्देशित किया कि बरसात से नगरीय क्षेत्र मंडलसेरा,बिलौना आदि कतिपय स्थानों में सड़क मार्ग पर गड्ढे बने हुए है जिन्हें तत्काल ठीक किया जाना आवश्यक है।

बैठक में उप जिलाधिकारी मोनिका,अनुराग आर्या, पुलिस उपाधीक्षक अंकित कंडारी, संभागीय परिवहन अधिकारी रत्नाकर सिंह, परिवहन कर अधिकारी हरीश रावल, सहायक अभियंता लोनिवि विजेंद्र मेहरा सहित समिति के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement