Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 27, 2026

यूएसनगर में नकली शराब फैक्ट्री पकड़ी, एक गिरफ्तार


देहरादून । एसटीएफ ने ऊधमसिंहनगर में नकली शराब की एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यहां से 25 पेटी शराब, उत्तराखंड सरकार के हजारों होलोग्राम आदि बरामद हुआ हैं। देहरादून में शनिवार को हुई प्रेसवार्ता में एसटीएफ के एसएसपी आयुष अग्रवाल ने इसका खुलासा किया। अग्रवाल ने बताया कि टीम को पिछले काफी दिनों से ऊधमसिंहनगर के काशीपुर के एक घर में नकली शराब फैक्ट्री चलने की सूचना मिल रही थी। इसपर टीम ने मकान का पता लगाया। सीओ एसटीएफ आरबी चमोला के नेतृत्व में आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस ने शुक्रवार को छापेमारी की। मकान के अंदर नकली शराब बनाई जा रही थी। इस दौरान एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जबकि अमनदीप सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह निवासी काशीपुर को टीम ने पकड़ लिया। एसएसपी ने बताया कि मकान के अंदर भारी मात्रा में गुलाब मार्का की तैयार नकली शराब, कैमिकल, कच्चा माल, नकली शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। इसके साथ ही उत्तराखंड सरकार के कूटरचित हजारों की संख्या में होलोग्राम भी मिले। इसके अलावा आरोपी से मोहर, स्टाम्प पैड, अल्कोमीटर, टीडीएस मीटर, कैमिकल, गुलाब मार्का के रैपर और एक कार बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ आईटीआई काशीपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। आरोपी पर पूर्व में भी गदरपुर में एक मुकदमा दर्ज है।

Advertisement