Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026

बागेश्वर में बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिरा, दो महिलाओं की दर्दनाक मौत, पांच गंभीर घायल, रेफर


बागेश्वर। जनपद के कपकोट क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। मुनार के समीप बावे बेंड के खतरनाक मोड़ पर एक बोलेरो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस भयावह हादसे में वाहन में सवार दो महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और राहत एजेंसियों में हड़कंप मच गया और तत्काल बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
तहसीलदार कपकोट द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन (संख्या UK 02 TA 3078) में कुल सात लोग सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि वाहन खाई में गिरते ही उसमें सवार दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान पनुली देवी (60 वर्ष) तथा सुपुली देवी (68 वर्ष) के रूप में कर ली गई है। घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी कपकोट, तहसीलदार कपकोट, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हो गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया।
दुर्घटना में घायल पांच लोगों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट लाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर कर दिया गया। घायलों में दीपक राम (37 वर्ष), नीमा देवी (32 वर्ष), प्रेमा (45 वर्ष), जसौदा देवी (38 वर्ष) और कमल (38 वर्ष) शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि बावे बेंड क्षेत्र का यह मोड़ पहले से ही अत्यंत खतरनाक माना जाता है, जहां पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इस ताजा हादसे ने एक बार फिर पर्वतीय सड़कों की जोखिमपूर्ण स्थिति और सुरक्षा उपायों की आवश्यकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है।

Advertisement