संविधान दिवस पर विधिक जागरूकता गोष्ठी में गूंजा कानून और अधिकारों का संदेश, पांच वरिष्ठ अधिवक्ता सम्मानित
बागेश्वर | संविधान दिवस विशेष
संविधान दिवस पर विधिक जागरूकता गोष्ठी में गूंजा कानून और अधिकारों का संदेश, पांच वरिष्ठ अधिवक्ता सम्मानित
सात महत्वपूर्ण अधिनियमों पर हुई विस्तृत चर्चा, अधिकारियों और विधि विशेषज्ञों ने आमजन को कानूनों के प्रति जागरूक रहने का दिया संदेश
बागेश्वर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को विकास भवन सभागार में अभियोजन विभाग की ओर से विधिक जागरूकता गोष्ठी एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में संविधान के मूल्यों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के साथ ही उत्तराखंड के सात महत्वपूर्ण अधिनियमों के प्रावधानों और उनके व्यावहारिक महत्व पर विस्तार से मंथन किया गया। इस दौरान विधिक क्षेत्र में लंबे समय से उल्लेखनीय योगदान दे रहे जनपद के पांच वरिष्ठ अधिवक्ताओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार ने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा देता है। प्रत्येक नागरिक को देश के कानूनों और उनमें समय-समय पर होने वाले संशोधनों की जानकारी होनी चाहिए, ताकि कानूनों का सही अनुपालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि समाज में विधिक जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह की कार्यशालाओं और परिचर्चाओं का नियमित आयोजन बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वालों का आभार जताया।
सात महत्वपूर्ण अधिनियमों पर हुआ मंथन
गोष्ठी में उत्तराखंड समान नागरिक संहिता अधिनियम, 2024, भू-कानून संशोधन अधिनियम, 2025, सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली अधिनियम, 2024, प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं निवारण) अधिनियम, 2023, अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान अधिनियम, 2025, धर्म स्वतंत्रता कानून तथा उत्तराखंड देवभूमि परिवार अधिनियम, 2026 के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सहायक निदेशक अभियोजन श्रद्धा रावत ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली अधिनियम, नकल विरोधी कानून और धर्म स्वतंत्रता कानून के उद्देश्यों, दंडात्मक प्रावधानों एवं कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
वहीं जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) गोविंद बल्लभ उपाध्याय ने समान नागरिक संहिता, अभियोजन अधिकारी ललित मोहन आर्य ने देवभूमि परिवार अधिनियम तथा जिला शासकीय अधिवक्ता (सिविल) वसंत बल्लभ पाठक ने भू-कानून संशोधन अधिनियम के प्रावधानों और उनके सामाजिक एवं कानूनी महत्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि कानूनों की सही जानकारी और उनका प्रभावी अनुपालन ही विधि के शासन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पांच वरिष्ठ अधिवक्ताओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जनपद के पांच वरिष्ठ अधिवक्ताओं उमेश सिंह माजिला, चंदन सिंह रौतेला, कुंदन सिंह धपोला, गोविंद सिंह भंडारी एवं कुंडल सिंह धपोला को विधिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उनके विधिक योगदान की सराहना की गई।
इस अवसर पर समाज कल्याण अधिकारी हेम तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मंजुलता यादव, जिला उद्यान अधिकारी कुलदीप जोशी, वरिष्ठ नागरिक इंद्र सिंह परिहार, किशन सिंह मलड़ा, दलीप सिंह खेतवाल, भवान राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
