पूर्व आप नेता अमित जोशी ने कांग्रेस का हाथ पकड़कर की घरवापसी
अल्मोड़ा । अल्मोड़ा की राजनीति में गुरुवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। अल्मोड़ा विधानसभा सीट से विधायक पद का चुनाव लड़ चुके और आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश पदाधिकारी व शिक्षाविद अमित जोशी वापस कांग्रेस में शामिल हो गए। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। कांग्रेस में शामिल होने के अवसर पर अमित जोशी ने कहा कि वह कांग्रेस की नीतियों और अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी के विकास कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं। शिक्षाविद के रूप में पहचान रखने वाले अमित जोशी पूर्व में कांग्रेस में रहे और बाद में आम आदमी पार्टी में प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के टिकट पर अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक पद का चुनाव भी लड़ा था। उनके कांग्रेस में शामिल होने के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी की मौजूदगी में हुए इस घटनाक्रम को कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमित जोशी के कांग्रेस में शामिल होने से अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उनके कांग्रेस में आने के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
