Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 26, 2026

बागेश्वर में नौ स्थानों पर होगा आपदा मॉक ड्रिल


बागेश्वर । 28 नवंबर को जनपद में आयोजित होने वाले आपदा मॉक अभ्यास की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी रविंद्र सिंह बिष्ट ने गुरुवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मॉक अभ्यास के सफल एवं प्रभावी संचालन के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बिष्ट ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉक अभ्यास के लिए निर्धारित घटनास्थलों एवं आपदा की परिस्थितियों के अनुरूप सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। इसके लिए आवश्यक मानव संसाधन, उपकरण एवं वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रत्येक तहसील में गठित त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) की अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही एनसीसी, एनएसएस, युवक मंगल दल, महिला मंगल दल, आपदा मित्रों, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय जनसमुदाय को भी अभ्यास में शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक घटनास्थल पर लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था करने तथा संचार व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए वायरलेस सेट एवं सैटेलाइट फोन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए। जनपद में 28 नवंबर को नौ स्थानों पर आपदा प्रबंधन के तहत मॉक अभ्यास आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से भारी बारिश, जलभराव, शॉर्ट सर्किट, भूस्खलन, मानव-वन्यजीव संघर्ष, बादल फटने, भूकंप एवं अतिवृष्टि जैसी संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया एवं विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की परख की जाएगी। बैठक में उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

You may have missed

Advertisement