Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 3, 2026

तुम दिन को कहो रात तो रात, वरना हवालात, यूपी सरकार की डिजिटल पॉलिसी पर प्रियंका गांधी का तंज


नई दिल्ली । तुम दिन को कहो रात तो रात, वरना हवालात। इन शब्दों के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा पर हमला किया है। उन्होंने डिजिटल मीडिया पॉलिसी और शिक्षक भर्ती जैसे मुद्दे पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की खिंचाई की है।
प्रियंका गांधी ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, जो तुमको हो पसंद, वही बात कहेंगे तुम दिन को अगर रात कहो, रात कहेंगे। उप्र सरकार की सोशल मीडिया पॉलिसी में न्याय मांग रही महिलाओं की आवाजें किस श्रेणी में आएंगी? 69,000 शिक्षक भर्ती आरक्षण घोटाले में उठने वाले सवाल किस श्रेणी में आएंगे?
भारतीय जनता पार्टी में अंदरूनी मतभेद की सुगबुगाहट पर भी प्रियंका गांधी ने तंज कसा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, भाजपा नेताओं-विधायकों द्वारा भाजपा सरकार की पोल-पट्टी खोलना किस श्रेणी में आएगा?
तुम दिन को कहो रात तो रात, वरना हवालात नीति सच को दबाने का एक और तरीका है। क्या भाजपा लोकतंत्र और संविधान को कुचलने से ज्यादा कुछ सोच ही नहीं सकती ?
बता दें कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार नई डिजिटल मीडिया नीति लेकर आई है। इसमें किसी भी ‘आपत्तिजनक सामग्री’ को ऑनलाइन डालने पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान भी किया गया है। सरकार ने कहा है कि ‘आपत्तिजनक सामग्री’अपलोड किए जाने की स्थिति में संबंधित सोशल मीडिया ऑपरेटरों, प्रभावशाली व्यक्तियों, फर्म या एजेंसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं योगी सरकार की इस नई पॉलिसी के तहत राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित कंटेट वीडियो, ट्वीट, पोस्ट, रील प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। अगर इन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अच्छे

फॉलोवर्स और व्यूज आते हैं तो इसके जरिए 2 से 8 लाख रुपये घर बैठे कमाया जा सकता है।
नई डिजिटल मीडिया नीति के तहत एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब को सब्सक्राइबर और फॉलोअर्स के आधार पर 4 श्रेणियों में बांटा गया है। जिसमें एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम धारक 5 लाख रुपए, 4 लाख रुपये, 3 लाख रुपए और 2 लाख रुपए प्रति महीने कमा सकेंगे। जबकि यूट्यूब पर वीडियो, शॉर्ट्स, पॉडकास्ट भुगतान के लिए 8 लाख रुपए, 7 लाख रुपए, 6 लाख रुपए और 4 लाख रुपए रखा गया है।

Advertisement