Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 19, 2026

बागेश्वर में 11 सूत्रीय मांगों को लेकर बेरोजगार संघ मुखर


बागेश्वर । 11 सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तराखंड बेरोजगार संघ एक बार फिर से मुखर हो गया है। अपनी मांगों के समर्थन में उन्होंने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा। उन्होंने सरकार पर उनकी उपेक्षा करने का भी आरोप लगाया है। जल्द मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। संगठन से जुड़े लोग तहसील परिसर में एकत्रित हुए। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। सभा के बाद जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां सीएम के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। ज्ञापन में संविदा कर्मियों के नियमितीकरण पर रोक लगाने तथा सीधी भर्ती शुरू करने की मांग की। इसके अलावा डिग्री कॉलेज में सहायक प्राध्यापकों की भर्ती परीक्षा में एपीआई प्रणाली समाप्त करने, पुलिस भर्ती में उम्र की सीमा में छूट देने, उत्तराखंड में होने वाली सभी भर्ती परीक्षा तय समय सीमा के भीतर करने, एक चरण में होने वाली परीक्षा के लिए विज्ञापन जारी के तीन महीने के भीतर संपन्न कराने आदि समेत 11 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया। जल्द मांग पूरी नहीं होने पर प्रदेश स्तरीय आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष लोकेश पांडेय, कमल जोशी, रोहित कुमार, गोकुल, अंकित जनौटी, मनोज, प्रमोद सिंह, सौरभ नगरकोटी, मनीषा, खष्टी, उमा, देवकी, मनीषा कोरंगा, कमल जोशी आदि मौजूद रहे।

Advertisement