Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 20, 2026

डीएम ने कपकोट व गरुड़ में पैराग्लाइडिंग का दिया सुझाव

बागेश्वर । जिले में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने पर्यटन विभाग को साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के साथ ही युवाओं को प्रशिक्षित कर स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित करने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों के लिए कई स्थान मुफीद है और युवाओं का भी पैराग्लाइडिंग की ओर अधिकतर रुझान है। इसलिए जनपद में पैराग्लाइडिंग के लिए कपकोट व गरुड़ के अलावा अन्य नई साइटों की खोज के लिए अनुभवी पैराग्लाइडरों का सहयोग लिया जाए। जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन अधिकारी को निर्देशित किया कि साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए युवाओं को प्रशिक्षित करने हेतु जल्द ही प्रशिक्षण शिविर आयोजित कराए जाए। जिलाधिकारी ने होम स्टे,वीरचन्द्र सिंह गढ़वाली योजना के लाभार्थियों की अनुदान राशि नियमानुसार शीघ्र उनके खाते में हस्तांतरण करने के कड़े निर्देश दिए है।
शनिवार को पर्यटन विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटन व तीर्थाटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग काम करें। पर्यटन के क्षेत्र में स्वरोजगार की अपार सम्भावनाएं है। अधिक से अधिक युवाओं को साहसिक खेलों का प्रशिक्षण देकर प्रशिक्षित करें। युवाओं को पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वालम्बी बनाएं। तीर्थाटन को बढ़ावा देने के लिए मानसखंड मंदिर माला में सम्मलित जिले के मंदिर,परिसरों के सौंदर्यकरण एवं सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता के तहत कराएं जाए। वीरचन्द्र सिंह गढ़वाली,होम स्टे जैसी महत्वकांक्षी योजनाओं से आच्छादित लाभार्थियों जिनके निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके है उन्हें अनुदान राशि समय से जारी करना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने जिले में संचालित केएमवीएन पर्यटक विश्राम गृह की भी समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जिला मुख्यालय के पर्यटक विश्राम गृह की जीर्णशीर्ण स्थिति है जिसे ठीक कराया जाना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने पर्यटक विश्राम गृह मरम्मतीकरण कार्यों का प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर शासन को भेजने की निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने सुलभ इंटरनेशनल द्वारा निर्माणधीन सुलभ शौचालयों की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी ने सुलभ शौचालय निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने एवं आधुनिक तकनीक का प्रयोग करने की हिदायत दी। बैठक में बताया गया कि कौसानी,बैजनाथ व जिला मुख्यालय में सुलभ शौचालय बनाएं जा रहे है।

जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष अक्टूबर माह तक 50 हजार से अधिक पर्यटक बागेश्वर आएं है। मानसखण्ड मंदिर माला में अन्तर्गत जिले के 16 मंदिर सम्मलित किए गए है। पहले चरण में बैजनाथ व बागनाथ मंदिर शामिल है। पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक मार्ग का सुधारीकरण का कार्य किया गया है। कपकोट के जालेख-केदारीबगड़ में पैराग्लाइडिंग नेशनल खेल के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।

बैठक में सीडीओ आरसी तिवारी,ईई आरईएस संजय भारत,जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दिनेश सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement