Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

मटर 120 रुपए किलो, लहसुन क्या भाव? जब राहुल गांधी निकले सब्जी खरीदने


 नई दिल्ली । राहुल गांधी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वह सब्जी मंडी में सब्जियों के दाम पूछते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनके साथ कुछ स्थानीय लोग और महिलाएं भी हैं। इस दौरान वह अलग-अलग सब्जियों के रेट पूछ रहे हैं। महिलाएं बता रही हैं कि सब्जियों के दाम इस साल कम ही नहीं हो रहे हैं। एक महिला ने कहाकि जो मटर सीजन में 60 रुपए प्रतिकिलो तक बिकती है, इस साल 120 रुपए किलो से नीचे आ ही नहीं रही है। महिलाओं ने बताया कि कोई भी सब्जी 30-35 रुपए किलो है ही नहीं। राहुल गांधी ने इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है कि ‘लहसुन कभी ₹40 था, आज ₹400!’ बढ़ती महंगाई ने बिगाड़ा आम आदमी की रसोई का बजट-कुंभकरण की नींद सो रही सरकार।
सब्जियां खरीदते हुए एक महिला कहती है कि पूरे साल एक भी सब्जी सस्ती नहीं हुई है। आलू-प्याज जो बेसिक चीज है हम मिडिल क्लास के लोगों के लिए, उनमें से भी कुछ सस्ता नहीं हुआ है। एक महिला ने राहुल गांधी ने बताया कि हम आए थे चार-पांच सब्जियां लेने के लिए, लेकिन दो सब्जियां लेकर घर जा रहे हैं। इसी दौरान राहुल गांधी एक महिला से पूछते हैं कि आपको क्या लगता है महंगाई क्यों बढ़ रही है? इस पर वह महिला गुस्से में कहती है कि जो सरकार बैठी हुई है, वो इस चीज को देखती नहीं है। वह बस अपने भाषणों में लगे हुए हैं। वह यह नहीं देखते कि जो आम पब्लिक है वह इतना महंगा खाना कैसे खाएगी।
राहुल गांधी का यह वीडियो दिल्ली के गिरीनगर के सामने के हनुमान मंदिर सब्जी मंडी का है। इसमें राहुल गांधी के साथ कुछ महिलाएं भी हैं। महिलाएं कहती हैं कि हमने राहुल गांधी को अपने घर चाय पर भी बुलाया है। वह भी देखें कि कितनी महंगाई है। एक महिला कहती है कि हमारा बजट बहुत ज्यादा बिगड़ रहा है। सैलरी किसी की नहीं बढ़ी। लेकिन सब्जियों का दाम जो बढ़ गया, फिर वो घटने का नाम नहीं लेता। सब्जी मंडी में पहुंचे राहुल गांधी महिलाओं से पूछते हैं कि आज क्या खरीद रही हैं। इस पर महिला उन्हें बताती है कि थोड़ा सा टमाटर और थोड़ा सा प्याज, ताकि कुछ तो चल जाए।

You may have missed

Advertisement