March 6, 2026

जरूरमंदों की मदद को आगे बढ़ रही पुलिस 

रुद्रप्रयाग (  आखरीआंख समाचार )  इन दिनों जिले की पुलिस जनपद के विभिन्न गांवों में असहाय व जरूरमंद लोगों की मदद में जुटी हुई है। साथी योजना के तहत पुलिस कर्मी उन असहाय लोगों को खोज रहे हैं, जिन्हें मदद की जरूरत है और प्रभावित लोगों के घर पहुंचकर मदद कर रहे हैं। जिससे इन लोगों में भी पुलिस के कार्यो को देखकर काफी खुशी देखी जा रही है।
जनपद रुद्रप्रयाग में पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के नेतृत्व में जिले की पुलिस इन दिनों नेक कार्य मे जुटी हुई है। यह योजना असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के लिए काफी मददगार साबित हो रही है। कोतवाली रुद्रप्रयाग में नियुक्त महिला आरक्षी श्वेता एवं महिला आरक्षी पूनम ने रुद्रप्रयाग में अपनी ड्यूटी के दौरान एक महिला को देखा और पाया कि महिला जो कि चलने फिरने में बिल्कुल असमर्थ है, उसके पास गई और उसका नाम पता पूछा। उनके द्वारा अपना परिचय सरस्वती देवी पत्नी गमना लाल निवासी ग्राम छिनका, पोस्ट घोलतीर बताया गया। दोनों महिला आरक्षियों ने महिला के घर जाकर देखा कि परिवार वास्तव में काफी गरीब है और इनको आर्थिक मदद की जरूरत है। जिस पर इन दोनों महिला पुलिस कर्मियों ने परिवार व महिला की हरसंभव मदद करने का भरोसा दिया। पुलिस कर्मचारियों ने परिवार को व्हीलचेयर लाकर दी। व्हीलचेयर खरीदने के लिए पुलिस कर्मियों ने संयुक्त रूप से अपनी तनख्वा से मदद की। इससे पूर्व भी असहाय लोगों की मदद को लेकर पुलिस कर्मी आगे आ रहे हैं।