Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 20, 2026

भगवानपुर विधायक ने जताई बूथ कैपचरिंग की आशंका


देहरादून । हरिद्वार के भगवानपुर से कांग्रेस विधायक ममता राकेश ने निकाय चुनाव में राज्य में कुछ स्थानों पर चुनावी गड़बड़ियों के साथ बूथ कैपचरिंग की आशंका जताई है। इस संबंध में उन्होंने शनिवार को राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपा है। विधायक ममता राकेश के नेतृत्व में आयुक्त से मिले प्रतिनिधिमंडल ने अपनी तमाम आशंकाओं से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने मतदान के दिन हरिद्वार जनपद सहित राज्य के कुछ स्थानों में संभावित रूप से होने वाली चुनावी गड़बड़ियों के संबंध में अतिरिक्त सावधानी और सुरक्षा बरतने के लिए आयोग से मांग की है। उन्होंने कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि सत्ताधारी पक्ष से जुड़े कुछ लोग मतदान के दिन गड़बड़ी कर सकते हैं। जिससे सत्ता पक्ष के प्रत्याशियों को लाभ मिल सके। इसके लिए उन्होंने चुनाव आयोग से सभी मतदान केंद्रों में मतदान व उसके बाद मत पेटियों और मतगणना की वीडियोग्राफी कराए जाने की मांग की है।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, सेवा दल के प्रदेश महामंत्री गोपाल सिंह गड़िया, विकास, मेहरबान, तौफीक, अमजद आदि शामिल रहे।
लोगों की आईडी जमा करने की शिकायत
विधायक ममता राकेश ने भगवानपुर के शाहपुर में राशन डीलर की ओर से आम लोगों के आधार और दूसरी आईडी जमा कराने की भी शिकायत की है। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसा करके कुछ लोग मनमाने ढंग से वोटिंग कराना चाहते हैं। उन्होंने इस मामले की जांच कराए जाने के साथ ही उचित कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement