March 5, 2026

बागेश्वर में 25 हजार, 321 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग


बागेश्वर ।  एक महीने की चुनाव प्रक्रिया के बाद मतदान तिथि आ गई है। गुरुवार की सुबह आठ बजे से मतदान शुरू होगा। बागेश्वर जिले में एक नगर पालिका व दो नगर पंचायत में 25 हजार, 321 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदाता एक पालिकाध्यक्ष और दो नगर पंचायत अध्यक्ष के साथ 22 सभासद भी चुनेंगे। नगर पालिका बागेश्वर में एक सभासद पूर्व में निर्विरोध चुने गए हैं। मतदान की तैयारी पूरी हो गई है। नगर पालिका बागेश्वर में 11 वार्ड हैं। इसमें से बागनाथ वार्ड से नवीन रावल निर्विरोध चुने गए हैं। अन्य दस वार्डों में चुनाव होगा। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के सुरेश खेतवाल, कांग्रेस की गीता रावल, निर्दलीय कवि जोशी, दीवान सिंह मलड़ा तथा प्रेम प्रकाश मैदान में हैं, हांलाकि गत दिनों दीवान मलड़ा ने कांग्रेस प्रत्याशी को अपना समर्थन दिया है। इसी तरह कपकोट में भाजपा से गीता ऐठानी तथा कांग्रेस ने धना बिष्ट मैदान में हैं। गरुड़ से भाजपा से ललिता वर्मा, कांग्रेस से भावना वर्मा, निर्दलीय नीमा वर्मा अध्यक्ष पद के दावेदार हैं। बागेश्वर पालिका में 17801 मतदाता हैं, जिसमें से सबसे कम मतदाता सैम मंदिर वार्ड में 902 तथा सबसे अधिक मंडलसेरा दक्षिणी वार्ड 2755 मतदाता हैं। इसी तरह कपकोट में सात वार्ड हैं। सबसे कम खीरगंगा वार्ड में 355 हैं, जबक सबसे ज्यादा भराड़ी वार्ड 784 हैं। गरुड़ नगर पंचायत में पहली बार चुनाव हो रहा है। यहां भी सात वार्ड हैं। यहां सबसे कम वोट राम मंदिर दर्शानी वार्ड में 466 मतदाता हैं, जबकि सबसे ज्यादा गढ़सेर वार्ड में 708 मतदाता हैं। इस एक महीने के भीतर चुनाव का जबरदस्त जोर रहा। मंगलवार की शाम चुनावी शोर थम गया, लेकिन बुधवार को डोर-टू-डोर प्रचार चला।