March 21, 2026

भीरी में पुल जल्दी नहीं बना तो हाईवे जाम करेंगे


रुद्रप्रयाग ।   भीरी-डमार मोटरमार्ग को जोड़ने के लिए मन्दाकिनी नदी पर निर्माणाधीन पुल निर्माण को लेकर भीरी में ग्रामीणों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने कहा कि यदि शीघ्र पुल निर्माण को लेकर कोई कार्यवाही नहीं होती है, तो उन्हें भीरी में गौरीकुंड हाईवे पर जाम करने को बाध्य होना पड़ेगा। बीते 27 जनवरी से डमार गांव के ग्रामीणों का भीरी में क्रमिक अनशन जारी है। बुधवार को भी क्षेत्रीय ग्रामीण गौरीकुंड हाईवे से सटे भीरी में एकत्रित हुए, जिसके बाद ग्रामीणों ने निर्माणाधीन पुल निर्माण को लेकर क्रमिक अनशन शुरू किया, जो तीसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों के धरने को लगातार समर्थन भी मिल रहा है। इस अवसर पर ग्रामीणों ने कहा कि वर्ष 2016 में भीरी-डमार मोटरमार्ग का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। जिसको दिसम्बर 2017 तक पूर्ण होना था। पीएमजीएसवाई ने मोटरमार्ग पर निर्माण कार्य तो पूरा किया, लेकिन डमार गांव को जोड़ने के लिए भीरी के नीचे मन्दाकिनी नदी पर 48 मीटर स्टील गार्डर पुल का अभी तक पूरा नहीं हो सका है। पुल का निर्माण फरवरी 2020 में शुरू होकर मई 2021 तक पूण होना था। ऐसे में चार वर्ष बाद भी पुन निर्माण पूरा न होने से ग्रामीणों में खासा रोष बना हुआ है। यह पुल शासन-प्रशासन व सम्बन्धित विभाग की घोर लापरवाही को दर्शाता है। पुल निर्माण न होने से ग्रामीणों को आवाजाही में खासी दिक्कतें उठानी पड़ रही है।
मोटरमार्ग संघर्ष समिति अध्यक्ष जगमोहन सिंह भण्डारी ने कहा कि कहा कि प्रदेश सरकार जहां चहुंमुखी विकास का वादा कर रही है, वही दूसरी ओर पुल का निर्माण कार्य लटकने से ग्रामीणों की समस्याएं हल नहीं हो सकी है। कहा कि पीएमजीएसवाई को अवगत कराने के बाद भी कोई सुध नहीं ली जा रही है। जिससे ग्रामीण खासे परेशान है। इस मौके पर निवर्तमान प्रधान गुड्डी देवी, पवन भण्डारी, गिरीश चौहान, किशोर बिष्ट, दिगम्बर रावत, बृजलाल, रमेश चन्द्र सेमवाल, महिपाल रौथाण, संजय रौथाण, भवानसिंह, रश्मि रावत, अनीता चौहान, सीता देवी, विनीता चौहान समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।