Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 27, 2026

22 माह से वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के परिवारों के सामने सड़क पर आने की नौबत


विकासनगर ।  भूमि संरक्षण वन प्रभाग कालसी में तैनात दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी बुधवार को संत रविदास जयंती के सार्वजनिक अवकाश पर भी धरने पर डटे रहे। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें बीते 22 माह से मानदेय नहीं मिला है। दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बबलू कुंवर ने कहा कि 22 माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने परिवार के पालन पोषण की समस्या पैदा हो गई है। उनके बच्चों के सामने परीक्षा से वंचित होने का खतरा मंडरा रहा है। लंबे समय से किराया नहीं देने से उन पर मकान खाली करने का दबाव भी बन रहा है। कहा कि 22 माह से वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के परिवारों के सामने सड़क पर आने की नौबत आ गई है।
विभागीय अधिकारियों को कई बार अपनी समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अधिकारी उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। दैनिक वेतन भोगी कर्मियों की सुनवाई किसी भी स्तर पर नहीं हो रही है। कहा कि अधिकारियों की उपेक्षा से परेशान होकर दैनिक कर्मियों ने आंदोलन की राह चुनी है। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उन्हें उचित आश्वासन और भुगतान नहीं मिलता तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। कर्मियों ने विभाग को चेतावनी दी है कि भुगतान नहीं मिलने की स्थिति में वे हड़ताल पर ही रहेंगे। धरना प्रदर्शन करने वालों में कर्मचारी संघ के सचिव दीपक असवाल, गंभीर दास, दौलत सिंह, केशर नेगी, आनंद, करन, मोहन दास, राजू थापा, रेणू, पदमा, शीला देवी, मनोज, सोमपाल, ओमपाल, सतीश, मनोज कुमार, गोपाल आदि शामिल रहे।

Advertisement