बजट नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय
बागेश्वर। । टनकपुर-बागेश्वर रेल मार्ग संघर्ष समिति ने इस बार के केंद्रीय बजट में बागेश्वर रेल मार्ग के लिए बजट स्वीकृत नहीं करने पर कड़ी आपत्ति जताई है। वक्ताओं ने कहा कि जब सर्वे का कार्य पूरा हो गया है तो बजट देने में सरकार को हीलाहवाली नहीं करनी चाहिए। जब तक बजट नहीं मिलेगा उनका आंदोलन जारी रहेगा। समिति से जुड़े लोग रविवार को तहसील परिसर में एकत्रित हुए। यहां नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि वह रेल के लिए 2004 से संघर्ष कर रहे हैं। यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। जब तक जिले में रेल नहीं आती तब तक यहां का विकास होना भी संभव नहीं है। केंद्र सरकार ने सर्वे कार्य पूरा कर दिया है, लेकिन बजट देने में कंजूसी कर रही है। जिसे कतई सहन नहीं किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि गत दिनों सर्वे के नाम पर खोली में एक टीम आई थी। जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया। सर्वे टीम की जानकारी डीएम आशीष भटगांई को भी नहीं थी। उन्होंने सर्वे को आने वाली टीम से संघर्ष समिति तथा जिला प्रशासन को भी विश्वास में लेने की मांग की है। अध्यक्षता समिति अध्यक्ष नीमा दफौटी तथा संचालन महामंत्री केशवानंद जोशी ने किया। इस मौके पर प्रवीण दफौटी, कमला शर्मा, गीता रावल, पार्वती देवी, सरस्वती ड्याराकोटी, चरण सिंह बघरी, बंशीधर जोशी, प्रताप सिंह दानू, अर्जुन देव, दयाकृष्ण पांडे आदि मौजूद रहे।
