Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 17, 2026

विकासनगर में ऑनलाइन टेंडर के विरोध में उतरे ठेकेदार


विकासनगर ।  एकीकृत ठेकेदार कल्याण समिति अनुरक्षण खंड उत्तराखंड जल संस्थान देहरादून से जुड़े सभी पंजीकृत ठेकेदारों ने विभाग की आनलाइन टेंडर प्रक्रिया का विरोध किया है। यूनियन के पदाधिकारियों ने विभाग के खिलाफ आंदोलन की हुंकार भरी। वहीं इंटेक ने ठेकेदार यूनियन को अपना समर्थन दिया है। रविवार को डाकपत्थर बैराज मैदान में एकीकृत ठेकेदार कल्याण समिति जल संस्थान अनुरक्षण खंड देहरादून से जुड़े ठेकेदारों की बैठक में यूनियन के अध्यक्ष सूरतराम शर्मा ने कहा कि जल संस्थान ने 25 लाख से कम की लागत के वॉल आपरेशन और लीकेज मरम्मत कार्य के लिए ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की हैं। जबकि पूर्व में 25 लाख से कम लागत के कार्य में ऑफ लाइन टेंडर प्रकिया अपनाई जा रही थी। इस बार विभाग ने टेंडर प्रक्रिया को पहले से ज्यादा जटिल कर दस लाख के कार्य को भी ऑनलाइन टेंडर लगाए हैं। जिससे विभाग में पंजीकृत कई ठेकेदार निविदा प्रक्रिया में भाग लेने से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभाग ने पेयजल योजनाओं के मरम्मत और रख-रखाव कार्य के लिए ठेकेदारों के साथ 12 माह का अनुबंध किया है। जिसमें श्रमिकों के लिए बोनस का प्रावधान नहीं है। जबकि हाईकोर्ट से जारी आदेश में 11 माह से अधिक समय तक कार्य करने वाले श्रमिकों को बोनस भुगतान के निर्देश दिए गए हैं। विभाग में जल जीवन मिशन और अन्य पेयजल योजना के कार्य पूर्ण होने के काफी समय बाद भी ठेकेदारों को लंबित भुगतान नहीं हुआ। लंबित भुगतान जल्द नहीं किया गया तो 10 मार्च से पेयजल योजनाओं का कार्य बहिष्कार कर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर इंटेक के जिलाध्यक्ष तनवीर आलम खान, प्रभाकर जोशी, दीपक तोमर आदि मौजूद रहे।

Advertisement