Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 18, 2026

बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ सांकेतिक धरना शुरू  


रुद्रपुर । शहर में बढ़ते अपराध, सड़क हादसों और नशाखोरी के खिलाफ आम आदमी पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष एवं समाजसेवी सतपाल सिंह ठुकराल ने लोगों के साथ शुक्रवार को गांधी पार्क में दो दिवसीय सांकेतिक धरना शुरू किया। उन्होंने कानून व्यवस्था की स्थिति को गंभीर बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। आप नेता ठुकराल ने कहा कि बीते दिनों शहर में एक पिता-पुत्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। कहा कि सड़क दुर्घटनाएं दिनोदिन बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोगों की जान जा रही है। उन्होंने इन पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
कहा कि शहर में नशे का कारोबार लगातार फैल रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने शहर में ट्रांसपोर्ट नगर बनाए जाने की मांग भी उठाई। बताया कि 13 मई को वह जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजेंगे। इस मौके पर मंजीत सिंह, पूजा देवी, मंजू, ओमपाल, सुखदेव सिंह, गोपाल सिंह गौतम समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement