March 8, 2026

हल्द्वानी के रजिस्ट्री ऑफिस में नियुक्तियों पर ‘खेल’, कर्मचारियों पर हुआ बड़ा खुलासा


हल्द्वानी ।  रजिस्ट्री दफ्तर हल्द्वानी में यूसीसी के तहत हुई तीन हेल्प डेस्क कोऑर्डिनेटरों की नियुक्ति में गड़बड़ी का आरोप लगा है। इस मामले में नगर निगम की पार्षद प्रीति आर्या ने सहायक महानिरीक्षक से शिकायत कर नियुक्तियों को रद्द करने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि सहायक महानिरीक्षक निबंधन नैनीताल के कार्यालय से जारी नियुक्ति पत्र के मुताबिक दो हेल्प डेस्क कोऑर्डिनेटरों को निबंधन कार्यालय हल्द्वानी प्रथम व द्वितीय में तैनाती दी गई है।
जबकि एक हेल्प डेस्क कोऑर्डिनेटर को सहायक महानिरीक्षक नैनीताल (हल्द्वानी) कार्यालय में तैनाती दी गई है। शिकायत के मुताबिक कार्यालय में तैनात तीनों हेल्प डेस्क कोऑर्डिनेटरों को कम्प्यूटर का सामान्य ज्ञान तक नहीं है। उन्हें आजकल दफ्तर में कंप्यूटर में टाइपिंग की ट्रेनिंग दी जा रही है। आरोप है कि निबंधन दफ्तर हल्द्वानी में कार्यरत एक कार्मिक की भाभी व एक अन्य कार्मिक के साले को नियुक्ति दी गई है।
जबकि तीसरी नियुक्ति निबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी के करीबी को दी गई है। मामले में पार्षद प्रीति आर्या ने सहायक महानिरीक्षक निबंधन से नियुक्तियों को रद्द कर अखबारों में सार्वजनिक विज्ञापन प्रकाशित करने के बाद फिर से नियुक्ति कराने की मांग की है, ताकि स्थानीय स्तर पर लोगों को नियुक्ति का मौका मिल सके।
वहीं मामले में यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू ने कहा है कि उन्होंने इस अनियमितता की आरटीआई के माध्यम जानकारी मांगी है। सीएम पोर्टल पर शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है। सहायक महानिरीक्षक निबंधन (मुख्यालय) उत्तराखंड, अतुल शर्मा कहते हैं कि हल्द्वानी में तीन हेल्प डेस्क कोऑर्डिनेटर की नियुक्ति में अनियमितता की शिकायत मिली है। मामले की स्थानीय व शासन स्तर से जांच की जाएगी। जो तथ्य प्रकाश में आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राज्य में 12 हेल्प डेस्क कोऑर्डिनेटरों की तैनाती
यूसीसी के तहत प्रदेशभर के निबंधन दफ्तरों में 12 हेल्प डेस्क कोऑर्टिनेटरों की तैनाती की गई है। शासन स्तर से की गई इन नियुक्तियों को प्रयाग पोर्टल के माध्यम से आउटसोर्स एजेंसी एनआईसीएसआई (निसि) द्वारा किया गया है। हल्द्वानी में सामने आए मामले के बाद प्रदेशभर में हुई नियुक्तियों पर भी सवाल उठने लगे हैं।