उत्तराखंड में कोविड को लेकर जारी की गई एडवाइजरी
देहरादून । कोविड को लेकर शासन स्तर से भी एडवाइजरी जारी कर दी गई है। सचिव स्वास्थ्य डा. राजेश कुमार ने कहा कि उत्तराखंड में भी संक्रमण को लेकर हालात पूरी तरह सामान्य हैं। इसके बावजूद पूरी तरह एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। निगरानी तंत्र और संसाधनों को भी सक्रिय रखने पर जोर दिया गया है। सचिव स्वास्थ्य ने बताया कि संक्रमण से बचाव के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश भर में स्वास्थ्य सुविधाओं, उपकरणों और मानव संसाधनों को सक्रिय मोड में रखा गया है। वर्तमान में भारत सरकार ने कोविड-19 को लेकर किसी खतरे की स्थिति घोषित नहीं की गई है। न ही कोई नया वेरिएंट सक्रिय रूप से फैल रहा है। संक्रमितों में भी केवल मामूली लक्षण पाए जा रहे हैं। वे सामान्य इलाज से घर पर ही ठीक हो रहे हैं। फिर भी संभावित खतरों से निपटने के लिए राज्य पूरी तरह सतर्क और तैयार है। बताया कि जिलों को ऑक्सीजन, दवा और उपकरण पूरी तरह चालू रखने को कहा गया है। सभी जिलाधिकारियों, मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्यों और मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि अस्पतालों में पर्याप्त बिस्तरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। ऑक्सीजन सप्लाई, जरूरी दवाएं और उपकरण जैसे वेंटिलेटर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रहें। निगरानी तंत्र की मजबूती पर जोर सचिव स्वास्थ्य ने निगरानी प्रणाली को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके तहत इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षण, गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण और कोविड के मामलों की अनिवार्य रिपोर्टिंग की जाए। सभी सरकारी, निजी स्वास्थ्य संस्थाएं और लैब्स प्रतिदिन आईएचआईपी पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड करें। आईसीएमआर के कोविड-19 परीक्षण दिशा-निर्देशों के अनुसार जांच कराई जाए। सारी और आईएलआई मामलों की संख्या बढ़ाई जाए। सभी सारी मामलों की जांच अनिवार्य रूप से हो। नए वेरिएंट की समय रहते पहचान स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि कोविड पॉजिटिव सभी सैंपल को होल जीनोम सिक्वेसिंग को भेजा जाए। ताकि संभावित नए वेरिएंट की समय रहते पहचान हो सके। कोविड प्रबंधन में लगे स्टाफ के लिए रिफ्रेशर ट्रेनिंग कराई जाए। राज्य को प्रतिदिन स्थिति की रिपोर्ट भेजी जाए। मीडिया समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कोविड-19 से जुड़ी सभी मीडिया समन्वय गतिविधियों को राज्य स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। डा. पंकज कुमार सिंह, सहायक निदेशक (आईडीएसपी-राज्य सर्विलांस अधिकारी) को कोविड-19 मीडिया समन्वय को नोडल अधिकारी नामित किया गया। उनके साथ डा. सौरभ सिंह, सहायक निदेशक (आईडीएसपी, एनएचएम) को सह प्रभारी नियुक्त किया गया।
