March 5, 2026

गरुड में ग्रामीणों ने दिया मुख्यमंत्री को ज्ञापन, बीयर बार न खोलने की मांग

बागेश्वर गरुड । बैजनाथ व डंगोली के ग्रामीणों ने शुक्रवार को तहसीलदार निशा रानी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों का कहना है कि हेलीपैड के समीप बीयर बार खुलने की सूचना से ग्रामीण आक्रोशित है। कहा कि प्रसिद्ध कोट भ्रामरी मंदिर को जाने वाले एकमात्र मोटरमार्ग किनारे पूर्व से बीयर बार संचालित हो रहे है। अब नए बीयर बार की अनुमति देने से क्षेत्र में अराजकता बढ़ेगी। कहा कि जिस स्थान पर बीयर बार खोलने की तैयारी की जा रही है वह क्षेत्र कृषि भूमि से घिरा हुआ है। बार खुलने के बाद शराबियों के आतंक से महिलाओं का कृषि कार्य करना मुश्किल हो जाएगा। वहां से आवाजाही करने वाले स्कूली बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ेगा। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर बीयर बार की अनुमति नही देने की मांग की है।

क्षेत्रीय महिलाओं का साथ देते हुए कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट ग्रीश कोरंगा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार जहाँ एकओर स्कूलों को बंद कर रही हैं। वही दूसरी तरफ ग्रामीण बेरोजगार युवाओं को नशे की तरफ धकेलने के प्रयास में मशगूल हैं। जिसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नही करेगी।

इस दौरान पुष्पा देवी, पूरन सिंह,नंदी देवी, प्रेमा देवी,रजनी देवी, महेंद्र सिंह,कमला देवी आदि मौजूद थे।