Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 17, 2026

पंचायत चुनाव में आरक्षण रोस्टर न्याय संगत नहीं: छिमवाल


हल्द्वानी ।  त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में आरक्षण के रोस्टर का कांग्रेस ने विरोध शुरू कर दिया है। सोमवार को स्वराज आश्रम में पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने पंचायत चुनाव में आरक्षण का गलत निर्धारण किया है। छिमवाल ने कहा कि कांग्रेस संगठन प्रत्येक स्तर पर अपनी आपत्तियों के माध्यम से आरक्षण निर्धारण का प्रबल विरोध करेगी। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख सतीश नैनवाल ने कहा कि वर्ष 2016 में कांग्रेस की सरकार ने उत्तराखंड के पंचायती राज एक्ट में त्रिस्तरीय पंचायत आरक्षण प्रक्रिया की रोटेशन प्रणाली को लागू कराया था, जिसमें प्रत्येक वर्ग को पंचायतों में प्रतिनिधित्व देने का प्रावधान किया गया था। वर्तमान सरकार ने पूरी आरक्षण प्रक्रिया को शून्य कर दिया, जिस कारण कई सीटें लगातार सामान्य और बहुत सी सीटें लगातार विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षित होने से अन्य वर्गों को प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख भोला भट्ट ने पंचायत चुनाव की आरक्षण व्यवस्था में सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की बात कही। इस मौके पर कोषाध्यक्ष नरेश अग्रवाल, प्रदेश सचिव प्रकाश पांडे भी मौजूद रहे।

Advertisement