उत्तराखंड ब्रेकिंग: पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी, पूरे प्रदेश में आचार संहिता लागू, जाने पूरा शेड्यूल
देहरादून । उत्तराखंड में पंचायत चुनाव की आधिकारिक घोषणा हो चुकी है। राज्य निर्वाचन आयोग ने 21 जून को अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके साथ ही पूरे प्रदेश में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। यह आचार संहिता 19 जुलाई को मतगणना समाप्त होने तक लागू रहेगी। चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों, इसके लिए सभी जिलाधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रदेश के 12 जिलों में पंचायत चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। संबंधित जिलाधिकारी 23 जून को अधिसूचना जारी करेंगे। नामांकन 25 जून से 28 जून तक सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक भरे जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 29 जून से 1 जुलाई तक होगी, और नाम वापसी की अंतिम तिथि 2 जुलाई तय की गई है।
पहले चरण में चुनाव चिन्ह का आवंटन 3 जुलाई को होगा और मतदान 10 जुलाई को होगा। दूसरे चरण के लिए चुनाव चिन्ह 8 जुलाई को दिए जाएंगे और मतदान 15 जुलाई को होगा। दोनों चरणों में मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना 19 जुलाई को कराई जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी उम्मीदवारों और नागरिकों से अपील की है कि वे चुनाव प्रक्रिया के दौरान आयोग द्वारा जारी नियमों का सख्ती से पालन करें। आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आयोग ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए निष्पक्ष भागीदारी का आह्वान किया हैं।
