Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026

पंचायत चुनाव में अपनी पॉवर दिखाएगी कांग्रेस :  हरीश रावत


विकासनगर । कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से रविवार को सेलाकुई में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस पंचायत चुनाव में अपनी पूरी पॉवर दिखाएगी। उन्होंने चुनाव के समय को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह समय उत्तराखंड में चुनाव कराने के अनुकूल नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि उत्तराखंड राज्य में पहला त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव है जो मानसून के बीच में हो रहा है। पहाड़ों पर चुनाव का यह अनुकूल समय नहीं है, फिर भी जब सरकार ने चुनाव करने की ठानी है तो कांग्रेस पार्टी जमकर मुकाबला करेगी। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस अधिक से अधिक सीट जीतकर छोटी सरकार में अपनी अहम भूमिका निभाएगी। कहा कि भाजपा का विकास शहरों तक ही सीमित रह गया है। गांवों की दशा में कोई सुधार नहीं हुआ है। जनता भी इस बात को जानती है कि गांवों तक विकास सिर्फ कांग्रेस की पहुंचा सकती है, लिहाजा पंचायत चुनाव में जनता कांग्रेस का ही साथ देगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर प्रदेश में भ्रष्टाचार और माफियाराज को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने प्रदेश की जनता का भविष्य माफिया के हाथ में सौंप दिया है। शीशमबाड़ा वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को लेकर पूछे गए सवाल पर पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर प्लांट को यहां से हटा दिया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अमित पंवार, महेंद्र सिंह नेगी गुरुजी गुलजार अहमद, राकेश नेगी, रमेश पंवार, हुकुम सिंह पाल, सुरेश पाल, सुरेंद्र धीमान, पवन चौहान, विजय कुमार, अनीस अहमद, शाहिद, अखिलेश गुप्ता, जयवीर धीमान आदि मौजूद रहे।

Advertisement