बागेश्वर पुलिस ने यातायात नियम तोड़ने पर किये 2 वाहन सीज
बागेश्वर । जिले की पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिले भर में नशे में वाहन चलाने, ध्वनि प्रदूषण फैलाने और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासनहीनता दिखाने वालों पर शिकंजा कसने का अभियान तेज़ कर दिया गया है। कोतवाली पुलिस ने इस अभियान के तहत तीन मामलों में सख्त कदम उठाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि अब नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
पहले मामले में सुशांत सिंह, निवासी जौलकांडे, को स्कूटी (UK 02A 0335) को शराब के नशे में चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे मोटर व्हीकल एक्ट के तहत गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया। वहीं दूसरे मामले में चंद्र प्रकाश, निवासी खोली, की बाइक पर रैट्रो साइलेंसर लगा पाया गया, जिससे अत्यधिक शोर उत्पन्न हो रहा था। ध्वनि प्रदूषण फैलाने के कारण बाइक को जब्त कर उसके विरुद्ध कार्रवाई की गई।
तीसरे मामले में दीपक भट्ट, निवासी जौलकांडे, को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हुड़दंग मचाते हुए पकड़ा गया। उसे 81 पुलिस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर चालान किया गया। बागेश्वर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें, अन्यथा उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी ।
