Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 15, 2026

डीएम आशीष भटगांई ने विद्युत व संचार सेवाओं में लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार

बागेश्वर । जिले में लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति और संचार सेवाओं को लेकर जिलाधिकारी आशीष भटगांई सख्त रुख अपनाते नजर आए। डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में चेताया कि जनता को असुविधा पहुंचाने वाली किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि मानसून सीजन में बार-बार बिजली गुल होना अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि तकनीकी समस्याओं को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि आम जनता को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके। डीएम ने दो टूक कहा, “बिजली जैसी आवश्यक सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।”

इसी प्रकार, भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए डीएम ने नेटवर्क की अनियमितताओं को लेकर अधिकारियों की खिंचाई की। उन्होंने कहा कि संचार सेवाएं आम जनमानस की मूलभूत आवश्यकता हैं और बार-बार सेवाएं बाधित होना बेहद चिंताजनक है।

डीएम ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि क्रैश बैरियर की फिटिंग के दौरान ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) को बार-बार नुकसान पहुँचता है, जिससे नेटवर्क ठप हो जाता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि BSNL, लोक निर्माण विभाग व अन्य निर्माण एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर स्थायी समाधान निकाला जाए।

डीएम आशीष भटगांई ने कहा कि, “प्रशासन की प्राथमिकता जनता को बेहतर सुविधाएं देना है। कोई भी सेवा बाधित होना सीधे जनहित पर असर डालता है। सभी विभाग त्वरित, प्रभावी और संवेदनशील रवैये से काम करें।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित अधिकारी स्वयं उत्तरदायी होंगे और उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ।

Advertisement