March 16, 2026

भूस्खलन और आपदा प्रबंधन को लेकर बागेश्वर प्रशासन अलर्ट मोड में, जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश

बागेश्वर। आगामी वर्षा ऋतु के मद्देनज़र बागेश्वर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में सड़क महकमों के अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें उन्होंने साफ निर्देश दिए कि सड़क मार्गों के अवरुद्ध होने पर त्वरित कार्रवाई की जाए और जनसुविधाओं में किसी भी प्रकार की बाधा न आए।

बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 49 जेसीबी मशीनें तैयार रखी गई हैं, जो किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैनात की जाएंगी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि संवेदनशील और बार-बार बंद होने वाले मार्गों पर जेसीबी मशीनों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक मशीन का जीपीएस अधिष्ठापन हो, ताकि उनकी निगरानी और तैनाती की वास्तविक स्थिति का रियल-टाइम डाटा मिल सके।

जिलाधिकारी भटगांई ने कहा, “जनता को सुरक्षित और सुगम यातायात मुहैया कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी मार्ग को समय पर नहीं खोला गया, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र की सड़कों की स्थिति का नियमित अपडेट लें और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखें। उन्होंने कहा कि मौसम पूर्वानुमान को गंभीरता से लिया जाए और सभी अधिकारी अलर्ट मोड में रहें।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग, बीआरओ समेत सभी संबंधित विभागों को बंद सड़कों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग करने, और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की मैपिंग कर डेटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने आपदा के समय जन व पशु हानि की सूचना को तत्काल कंट्रोल रूम तक पहुंचाने का भी निर्देश दिया।

अंत में उन्होंने दोहराया कि मानसून के दौरान आने वाले महीने चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, ऐसे में अधिकारी टीम भावना के साथ काम करें और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मशीनरी को हर समय सक्रिय रखें।

इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, ईई लोनिवि संजय पांडे, पीएमजीएसवाई के अम्बरीष रावत, ग्रामीण निर्माण विभाग के संजय भारती, आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल सहित कई अधिकारी वर्चुअली उपस्थित रहे ।