वुशू में चमकी बागेश्वर की बेटी: कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया उत्तराखंड का मान, ओलंपिक डे पर सीएम ने किया सम्मानित
बागेश्वर । उत्तराखंड पुलिस की होनहार महिला आरक्षी ज्योति वर्मा ने एक बार फिर प्रदेश का नाम रोशन किया है। वुशू खेल में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहीं ज्योति ने हाल ही में राजस्थान के जयपुर स्थित पूर्णिमा विश्वविद्यालय में 14 से 19 जून तक आयोजित 34वीं सीनियर नेशनल वुशू चैंपियनशिप में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
देशभर से आए सैकड़ों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच ज्योति वर्मा ने अपने दमदार प्रदर्शन से न सिर्फ पदक जीता, बल्कि उत्तराखंड का गौरव भी बढ़ाया। वर्तमान में वे देहरादून स्टेट पुलिस वुशू टीम में अभ्यासरत हैं और साल 2016 बैच की भर्ती महिला आरक्षी के रूप में जनपद बागेश्वर में नियुक्त हैं।
इस उपलब्धि पर 23 जून 2025 को ‘ओलंपिक डे’ के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और ‘ओलंपिक डे स्मृति चिह्न’ देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने ज्योति के निरंतर बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
ज्योति वर्मा को पुलिस महानिरीक्षक (स्पोर्ट्स) श्री निलेश आनंद भरणे ने भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अपने कार्यालय में सम्मानित किया और आगे के खेल जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चन्द्रशेखर घोडके ने भी ज्योति की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई और उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जनपद बागेश्वर पुलिस परिवार की ओर से भी महिला आरक्षी ज्योति वर्मा को इस उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
ज्योति वर्मा ने अपनी इस सफलता का श्रेय पुलिस विभाग और अधिकारियों को देते हुए कहा,
“खेल की तैयारी के लिए जो समय और सहयोग मुझे मिला, उसके लिए मैं एसपी सर बागेश्वर की आभारी हूं। उनकी वजह से मैं अपनी तैयारी पर पूरी तरह फोकस कर पाई।”
ज्योति की इस उपलब्धि ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम, समर्पण और संस्थागत सहयोग से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। वे आने वाले समय में और भी ऊंचाइयों को छुएंगी, ऐसी उम्मीद और शुभकामनाएं पूरे उत्तराखंड को हैं ।
