कार में चरस तस्करी करते तस्कर गिरफ्तार
विकासनगर । कोतवाली विकासनगर पुलिस ने कार में चरस की तस्करी करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 960 ग्राम चरस बरामद की गई। बाजार में जिसकी कीमत दो लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस ऐक्ट में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दिया है। कोतवाल विनोद गुसाईं ने बताया कि गुरुवार रात को कोतवाली पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान त्यागी फार्म हाउस से आगे अजीत नगर कैनाल रोड से आती हुए एक कार को चेंकिग के लिए रोका गया। पुलिस को देखकर कार चालक कार को पीछे मोड़ने का प्रयास करने लगा। जिसके बाद संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम ने कार को रोककर चेक किया तो कार चालक गोपाल प्रसाद पुत्र स्व. जगदंबा प्रसाद निवासी डाकपत्थर के पास से 960 ग्राम चरस बरामद हुई। जिसके बाद कार चालक को मौके से गिरफ्तार करते हुए तस्करी में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जागरण पार्टी में गाड़ी चलाने का कार्य करता है। उसने चरस एक बाबा से खरीदी थी। जिसे वह करीब पांच वर्षों से जानता था। बताया कि वह यह चरस को छोटी-छोटी मात्रा में नशे के आदी लोगों और छात्रों को बेचने के फिराक में घूम रहा था। कोतवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस ऐक्ट में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। बाबा के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
