अंकिता भंडारी हत्याकांड के आरोपियों को बचाने का आरोप
बागेश्वर । अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर सरकार को घेरा है। पूर्व दर्जा मंत्री व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने कहा कि अंकिता को केवल श्रद्धांजलि देने से न्याय नहीं मिलेगा, सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे। सोमवार को यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने सवाल उठाया कि इस मामले में कथित वीआईपी कौन था, उसका नाम सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है। क्या किसी प्रभावशाली व्यक्ति को बचाने का प्रयास किया गया? साक्ष्यों और जांच की प्रक्रिया को पारदर्शी क्यों नहीं बनाया जा रहा? कांग्रेस ने मांग की है कि कथित वीआईपी की पहचान और भूमिका की निष्पक्ष जांच हो, साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका की स्वतंत्र जांच कराई जाए और पीड़ित परिवार को समयबद्ध न्याय दिलाया जाए। किसी भी राजनीतिक या प्रभावशाली व्यक्ति को कानून से ऊपर न रखा जाए। ऐठानी ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा केवल चुनावी भाषणों का विषय नहीं होनी चाहिए। कांग्रेस इस लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने पुलकित आर्या के पिता विनोद आर्या द्वारा पत्रकारों के सामने अंकिता भंडारी के खिलाफ की गई टिप्पणी को निंदनीय बताया।
