Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 16, 2026

कुमाउंनी कवि महफिल में रचनाकारों ने पहाड़ की संस्कृति और मौजूदा हालातों को शब्दों में उकेरा


अल्मोड़ा ।  राष्ट्रीय कुमाउंनी भाषा सम्मेलन ‘कुमाउंनी कवि महफिल’ के साथ संपन्न हो गया। कवि महफिल में वरिष्ठ और युवा रचनाकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से पहाड़ की परंपरा, संस्कृति, ग्रामीण जीवन, प्रकृति, पलायन, विकास, रिश्वतखोरी और मौजूदा सामाजिक परिस्थितियों को सामने रखा। वरिष्ठ साहित्यकार त्रिभुवन गिरी महाराज ने जिंदगी का रहस्य समझाती अपनी रचना ‘हे मनखा मनखे की पीड़ पछाड़िये’ प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रो. केसी जोशी ने पलायन और पहाड़ी घरों की दुर्दशा को उजागर करते हुए ‘यौ टुटी फुटि मकान छु, जो भ्यैर भितर में बुजि रौ’ कविता प्रस्तुत की। वरिष्ठ साहित्यकार डा. धाराबल्लभ पांडेय ने ‘यौ जनम भूमि यौ जनम भूमि, कतुक भलि हाव पाणि’ गीत के माध्यम से पहाड़ की सुंदरता का वर्णन किया। डा. प्रकाश चंद्र जोशी ने कुमाउंनी में हनुमान चालीसा प्रस्तुत की। साहित्यकार योगेंद्र बिष्ट ने ‘ओ च्यला म्यर च्यला, सुण म्यर पोथी’ कविता के माध्यम से पलायन का दर्द उकेरा। पहाड़ में बढ़ते नशे के प्रचलन पर कटाक्ष करते हुए ‘यौ शराबैक लत बड़ खराब छु’ रचना प्रस्तुत की गई। विनोद पंत ने ‘हम लै दाज्यू ठाण है जानू, अलबेर चुनाव में’ रचना के माध्यम से नेताओं पर कटाक्ष किया, जबकि प्रकाश चंद्र जोशी ने ‘लूटालूट न कर, चुटा चूट न कर’ रचना पढ़कर भ्रष्टाचार पर चोट की। महेंद्र ठकुराठी ने ‘मनखी रे कसि कसि माया रची छौ’ रचना प्रस्तुत की। कवि महफिल में प्रकाश चंद्र जोशी, भूपेंद्र सिंह देव, आनंद सिंह बिष्ट, पवनेश ठकुराठी, नरेंद्र बंगारी, प्रकाश पांडे समेत अन्य

चनाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं। संचालन वरिष्ठ साहित्यकार डा. धाराबल्लभ पांडेय ने किया। इस मौके पर सभी रचनाकारों को प्रतीक चिह्न प्रदान किए गए। सम्मेलन की व्यवस्थाओं में सहयोग करने वाले बलवंत सिंह बिष्ट, देवेंद्र फर्त्याल, ललित तुलेरा, शशिशेखर, जनार्दन चिलकोटी, गीता खोलिया, आनंद सिंह सौतियाल, हयात सिंह बिष्ट समेत अन्य सहयोगियों को भी प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कुमाउंनी भाषा सम्मेलन में व्यापक मंथन के बाद कुमाउंनी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने तथा पहली कक्षा से स्कूलों के पाठ्यक्रम में कुमाउंनी को शामिल करने की मांग से जुड़े प्रमुख प्रस्ताव पारित किए गए।

Advertisement