Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 16, 2026

जनगणना को लेकर बागेश्वर में जागरूकता अभियान तेज, डीएम अपूर्वा पाण्डे ने प्रचार रथ को दिखाई हरी झंडी

16 से 30 नवंबर तक चलेगी स्व-गणना की प्रक्रिया, ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से घर बैठे दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण

बागेश्वर। आगामी जनगणना को लेकर जनपद में तैयारियां तेज हो गई हैं। आमजन को जनगणना में भागीदारी के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार रथ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया, इसके महत्व और ऑनलाइन पंजीकरण के बारे में जागरूक करेगा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या के आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश और समाज के भविष्य की विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, विकास कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की रूपरेखा तैयार की जाती है।

उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित समयावधि में स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज करें और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि स्व-गणना से जनभागीदारी को बढ़ावा मिलेगा तथा जनगणना की प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित बनेगी।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को भी स्वयं स्व-गणना करने तथा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को इसके लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना को सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।

इस तिथि तक कर सकेंगे स्व-गणना

उल्लेखनीय है कि जनपद में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर तक संचालित की जाएगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य होगा, जबकि 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण कार्य किया जाएगा।

नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in\*\ पर जाकर ऑनलाइन स्व-गणना कर सकते हैं।

प्रशासन का उद्देश्य है कि जनपद का प्रत्येक परिवार इस प्रक्रिया में शामिल हो, ताकि जनगणना के आंकड़े अधिक सटीक हों और भविष्य की विकास योजनाओं को सही दिशा मिल सके।

Advertisement