Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 16, 2026

रेट्रो साइलेंसर लगाकर पटाखों जैसी आवाज निकालना पड़ा भारी, बैजनाथ पुलिस ने बुलेट बाइक की सीज

गरुड़ (बागेश्वर)। मोटरसाइकिल में रेट्रो साइलेंसर लगाकर पटाखों जैसी तेज आवाज निकालना अब वाहन चालकों को भारी पड़ सकता है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ बागेश्वर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी अभियान के तहत कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने तेज आवाज करने वाले रेट्रो साइलेंसर लगी एक बुलेट मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।

पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी बागेश्वर/कपकोट के पर्यवेक्षण में जनपदभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों तथा वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस को पिछले कई दिनों से स्थानीय नागरिकों द्वारा शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र में कुछ बाइक चालक रेट्रो साइलेंसर लगाकर पटाखे फोड़ने जैसी तेज आवाज करते हुए वाहन चला रहे हैं। इससे आम लोगों, बुजुर्गों, बच्चों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए 16 नवंबर 2026 को कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UK02A1108 को तेज आवाज वाले रेट्रो साइलेंसर के साथ संचालित करते हुए पकड़ा। पुलिस ने चालक अक्षय खुल्बे निवासी बैजनाथ, जनपद बागेश्वर के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।

पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संदेश है कि सड़क पर मनमाने तरीके से तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर अब बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और ध्वनि प्रदूषण से बचने की अपील की है।

You may have missed

Advertisement