Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 16, 2026

जनता दरबार में गूंजीं जनसमस्याएं, आठ शिकायतें दर्ज; डीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

बागेश्वर। जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। यह सख्त निर्देश जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दरबार के दौरान अधिकारियों को दिए।

जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल आठ शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वन और पुलिस विभाग की गैरमौजूदगी पर डीएम नाराज

जनता दरबार में वन विभाग और पुलिस विभाग का कोई भी प्रतिनिधि उपस्थित नहीं रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए अनुपस्थित विभागों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनता दरबार आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण मंच है। इसमें सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है। भविष्य में इस तरह की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर भी सख्ती

जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक होना चाहिए। अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ताओं से फोन पर बातचीत कर निस्तारण की पुष्टि भी करें। शिकायतों को लंबित रखने, औपचारिकता निभाने अथवा अनावश्यक देरी करने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

डीएम ने कहा कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। प्रत्येक अधिकारी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करे।

जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कुमार आदित्य तिवारी, उपजिलाधिकारी वैभव कांडपाल, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

You may have missed

Advertisement