मोहान बैरियर पर ढाई लाख के गांजे के साथ ऊधमसिंह नगर के दो तस्कर गिरफ्तार
अल्मोड़ा । नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस ने भतरौजखान क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 10.005 किलोग्राम गांजे के साथ ऊधमसिंह नगर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2,50,125 रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को पुलिस ने सीज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपद में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार के नेतृत्व में शनिवार रात भतरौजखान पुलिस टीम ने पुलिस सहायता केंद्र मोहान बैरियर से मरचूला रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल संख्या यूके 18 वी 0964 पर सवार दो लोगों को रोककर तलाशी ली। दोनों के पास मौजूद दो अलग-अलग बैगों से 4.600 किलोग्राम और 5.405 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल बरामद गांजे का वजन 10.005 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर थाना भतरौजखान में मुकदमा संख्या 28/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद (32) पुत्र राधेश्याम, निवासी कुण्डेश्वरी रोड, चैती चौराहा, साई मंदिर के पास, ऊधमसिंह नगर और अजय (31) पुत्र वीरेन्द्र सिंह, निवासी आदर्श नगर, वार्ड नंबर-01, कुण्डेश्वरी रोड, आईटीआई, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों से पूछताछ कर गांजे के क्रय-विक्रय के स्रोतों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई में अपर उपनिरीक्षक करतार सिंह, हेड कांस्टेबल आनंद त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल श्रवण सैनी और हेड कांस्टेबल देवेंद्र प्रताप शामिल रहे।
