बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर
बागेश्वर। मौसम विभाग ने 28 जून से 2 जुलाई तक बागेश्वर जिले में भारी से अति भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। इस अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने सभी अधिकारियों को तुरंत राहत व बचाव दलों की तैनाती और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने सड़कों की निगरानी बढ़ा दी है। किसी भी मार्ग के बाधित होने पर तत्काल मलबा हटाने के लिए जेसीबी और मशीनरी तैनात रहेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने क्षेत्र में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहेगी। ऊँचाई वाले क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दी गई है। नगर क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नालियों और कलवर्टों की सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने आपातकालीन नंबर 1077 (टोल फ्री) और अन्य मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं। किसी भी आपदा की सूचना तुरंत देने की अपील की गई है। प्रशासन ने जनता से सावधानी बरतने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
