भानी-हरसिंगिया मार्ग पर वायरल वीडियो भ्रामक, जल प्रवाह पूरी तरह सामान्य: प्रशासन
बागेश्वर । भानी-हरसिंगिया मोटर मार्ग के किलोमीटर 1 पर हुए भूस्खलन से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नदी में अस्थायी डैम जैसी स्थिति बन जाने का दावा किया गया था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम कपकोट अनिल रावत, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता तथा पुलिस विभाग की टीम ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा दृश्य केवल भूस्खलन से गिरे मलबे का हिस्सा है, जिससे नदी के जल प्रवाह में कोई बाधा उत्पन्न नहीं हुई है। नदी का बहाव पूरी तरह सामान्य है और डैम जैसी कोई भी स्थिति वहां मौजूद नहीं है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना को बिना सत्यापन के साझा न करें। साथ ही, किसी भी आपदा संबंधी सूचना के लिए तुरंत जिला आपदा नियंत्रण कक्ष या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।
प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से संयम बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की भी अपील की है।
